हिन्दी
तेलंगाना: कार में आग लगने से डॉक्टर की मौत

तेलंगाना के सूर्यपेट जिले में रविवार को सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद कार में आग लग गई। इस हादसे में 50 वर्षीय डॉक्टर की झुलसकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा हैदराबाद-खम्मम राजमार्ग पर पिल्ललामर्री फ्लाईओवर के पास सुबह करीब सवा सात बजे हुआ।
डिवाइडर से टकराने के बाद कार में आग लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई।
लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।अधिकारी ने बताया, बाद में चालक की सीट पर एक जला हुआ शव मिला।पास के टोल गेट से मिली जानकारी और वाहन के अस्थायी पंजीकरण नंबर के आधार पर मृतक की पहचान के. जगदीश के रूप में हुई।
वह खम्मम जिले के एक अस्पताल में न्यूरोसर्जन के तौर पर कार्यरत थे।




