हिन्दी
अंबाला में निर्माणाधीन इमारत ढही, 10 घायल

अंबाला शहर के पास रविवार को एक गांव में छत डालने के दौरान निर्माणाधीन इमारत ढह गई, जिससे कम से कम 10 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। धूलकोट गांव में हुई इस घटना में कई मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे।
एक घायल मजदूर ने बताया कि करीब 10 मजदूर नीचे काम कर रहे थे, जबकि 15 मजदूर ऊपर स्लैब डालने के काम में लगे थे। सूचना के बाद पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तुरंत बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का काम शुरू किया।
पुलिस ने बताया कि घायल 10 मजदूरों को अंबाला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा आशंका है कि कुछ और मजदूर मलबे में फंसे हो सकते हैं।




