हिन्दी

चार तहसीलों में आज होगा भूकंप, आग व रासायनिक हादसे का मॉक ड्रिल

चार तहसीलों में आज होगा भूकंप, आग व रासायनिक हादसे का मॉक ड्रिल

उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर जिले में शुक्रवार को राज्य स्तरीय भूकंप, रासायनिक और अग्नि सुरक्षा मॉक एक्सरसाइज होगी। जिले के छह तहसीलों में से चार तहसील पडरौना, कसया, हाटा व कप्तानगंज में अलग-अलग आपदा परिदृश्य तैयार कर राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा जायेगा।

अभ्यास के दौरान विभागों के बीच समन्वय, संचार व्यवस्था, घायलों की सुरक्षित निकासी और त्वरित राहत पहुंचाने की क्षमता का भी परीक्षण होगा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से यह मॉक एक्सरसाइज कराई जा रही है। पडरौना तहसील के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भूकंप से स्कूल सुरक्षा का अभ्यास होगा।

वहीं हाटा तहसील परिसर में कार्यालय अग्नि सुरक्षा व कसया तहसील के सीएचसी सपहां में फील्ड हॉस्पिटल की स्थापना और कप्तानगंत तहसील के रामकोला स्थित त्रिवेणी शुगर कंपनी लिमिटेड में औद्योगिक रासायनिक हादसे से निपटने का मॉडल अभ्यास किया जायेगा। मॉक एक्सरसाइज सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी।

इसमें पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, राजस्व, होमगार्ड, आपदा मित्र, नागरिक सुरक्षा, पीआरडी, एनसीसी व स्काउट-गाइड समेत विभिन्न विभागों की टीमें शामिल होंगी।

زر الذهاب إلى الأعلى