नाइजर में हिरासत में 33 संदिग्धों की मौत, अवैध खनन के आरोप में हुए थे गिरफ्तार

नाइजर राज्य में गैर-कानूनी माइनिंग के आरोप में गिरफ्तार किए गए कम से कम 33 संदिग्धों की नाइजीरियाई सुरक्षा कर्मियों की हिरासत में मौत हो गई है. अधिकारियों को शक है कि इन लोगों की मौत किसी बीमारी के फैलने के कारण हुई है.
हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में बचे एक व्यक्ति ने बताया कि गिरफ्तार लोगों को एक ऐसी जेल में रखा गया था, जहां हवा आने-जाने की पर्याप्त व्यवस्था तक नहीं थी. ऐसे में, उसने दम घुटने की वजह से मौत की आशंका जताई है.
मंगलवार और बुधवार को गिरफ्तारी के बाद इन लोगों को नाइजीरिया सिक्योरिटी एंड सिविल डिफेंस कॉर्प्स (NSCDC) ने हिरासत में रखा था. इस घटना की अब जांच शुरू हो गई है. वहीं, मृतकों के परिवार वाले जवाब मांग रहे हैं.
NSCDC के प्रवक्ता अबूबकर मुती ने बताया कि उत्तर-मध्य नाइजर राज्य में एजेंसी की कस्टडी में इन लोगों की मौत हुई है.

