हिन्दी
रोडवेज बस ने साइकिल सवार किशोर को 10 मीटर तक घसीटा, मौत
बांदा-सागर मार्ग पर राधा नगर थाना के आरवीएस स्कूल के पास सोमवार सुबह सामान लेने साइकिल से जा रहे 16 वर्षीय किशोर को फतेहपुर डिपो की रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर के बाद बस किशोर को करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। गुस्साए लोगों ने करीब एक घंटे तक जाम लगा हंगामा किया। केवई गांव निवासी जयकरण केवई गांव में ही चाट का ठेला लगाता है।
उसका बेटा सुजीत अपने पिता की चाट की दुकान के लिए सामान लेने साइकिल से शाह कस्बे जा रहा था। इसी दौरान फतेहपुर से बांदा जा रही रोडवेज बस की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बस को शाह चौकी में खड़ा कराया गया।


