भागलपुर बाढ़: मंत्री ने लिया जायजा, राहत व्यवस्था पर जोर

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मंत्री रत्नेश सादा ने किया निरीक्षण Bhagalpur Flood News: भागलपुर. बाढ़ का पानी लोगों की दिनचर्या बदल रहा है और प्रभावित इलाकों में राहत-बचाव कार्य प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है.
ऐसे समय में मंगलवार को सूबे के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सादा खुद बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे. उन्होंने शहर और आसपास के कई प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की स्थिति को करीब से देखा. इसके बाद परिसदन में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की.
मंत्री ने निरीक्षण के दौरान यह जानने की कोशिश की कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक प्रशासन की ओर से जरूरी सुविधाएं कितनी प्रभावी तरीके से पहुंच रही हैं. उन्होंने दीपनगर, शंकर टॉकीज भट्टा, चंपानगर, मीरापुर, शाहपुर और दोगच्छी सहित विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया.
इन इलाकों में बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्य और प्रभावित लोगों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गयी.

