बिहार: बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ी, गंगा, पुनपुन, कोसी का क्या है अपडेट?

बिहार में बाढ़ का संकट अभी भी बना हुआ है. प्रदेश के 13 जिलों में करीब 27 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. इससे पहले 22 लाख लोग प्रभावित थे. हालांकि पटना में गंगा के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद बढ़ी है.
गंगा का जलस्तर 50.58 मीटर के रिकॉर्ड स्तर से घटकर 50.40 मीटर पर आ गया है. यूपी के इलाहाबाद से वाराणसी तक गंगा के जलस्तर में गिरावट का असर पटना में भी दिखाई दे रहा है. इससे बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत मिलने की उम्मीद है.
हालांकि पुनपुन नदी अभी खतरे के निशान से 2.93 मीटर ऊपर बह रही है, जिससे निचले इलाकों में खतरा बरकरार है. कटिहार में गंगा और कोसी के उफान से 35 पंचायतों के करीब 3.43 लाख लोग बाढ़ से घिरे हैं.
भागलपुर में एनएच-80 पर करीब ढाई फीट पानी बहने से आवागमन प्रभावित है और 2.17 लाख आबादी बाढ़ की चपेट में है.



