यूपी-बिहार समेत 20 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 80 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

नई दिल्ली: मानसून की सक्रियता के बीच देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक, आज यानी 4 सितंबर को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार समेत करीब 20 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
कई इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा है, जबकि पूर्वी राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
4 सितंबर को जिन राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है, उनमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, त्रिपुरा, असम, नागालैंड, तेलंगाना, केरल, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु शामिल हैं।
इनमें कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी है।


