36 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान का इंजन फेल, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

चेन्नई: वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी से श्रीलंका के कोलंबो जा रही वियतजेट एयरलाइंस की फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई. इसके बाद विमान को चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. विमान में सवार सभी 152 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं.
मंगलवार (22 सितंबर) शाम को वियतजेट एयर की फ्लाइट वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के लिए निकली थी. फ़्लाइट में 143 यात्री और 9 क्रू मेंबर सवार थे.विमान श्रीलंका की तरफ लगभग 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था.
कल रात चेन्नई के पास उड़ते समय एयरक्राफ्ट के एक इंजन में अचानक खराबी आ गई और वह काम करना बंद कर दिया.
उड़ान जारी रखने के खतरे को भांपते हुए विमान पायलट ने सबसे पास के सही एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करने का फैसला किया.इसके बाद विमान के पायलट ने दिल्ली में अपनी एयरलाइन के हेडक्वार्टर के जरिए चेन्नई एयरपोर्ट कंट्रोल रूम से संपर्क किया.



