हिन्दी
दिल्ली में छत से गिरने से युवक की संदिग्ध मौत, हादसा या धक्का जांच जारी!

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधीनगर इलाके में रविवार (13 सितंबर) सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई. घटना नामदेव गली की बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार पुलिस को रविवार सुबह 5:20 बजे सूचना मिली कि एक युवक सड़क पर नग्न अवस्था में पड़ा है और उसके सिर से खून बह रहा है. सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस के अनुसार, सड़क पर पड़े युवक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस के अलावा क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं.
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत छत से दुर्घटनावश गिरने के कारण हुई या उसे किसी ने धक्का देकर नीचे गिराया.


