Jamtara Road Accident जामताड़ा: वृंदावनी-मिहिजाम सड़क पर भीषण टक्कर, ट्रैक्टर के नीचे घुसी बाइक

जामताड़ा: सालानपुर प्रखंड के वृंदावनी से मिहिजाम जाने वाली सड़क पर शनिवार शाम ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में मिहिजाम के कांगोई निवासी 25 वर्षीय अमित कुमार साव गंभीर रूप से घायल हो गए.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रैक्टर के नीचे जा घुसी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. जानकारी के अनुसार अमित कुमार साव बाइक से वृंदावनी की ओर से झारखंड रोड होते हुए मिहिजाम की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद अमित उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया.
प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें आसनसोल ले गए.

