हिन्दी

Mandi News: सड़क पर पलटी एक्सकेवेटर, युवा ऑपरेटर की दबकर मौत

उपमंडल की ग्राम पंचायत धनियारा के कुशमल में मंगलवार दोपहर नेशनल हाईवे-003 पर ट्राले में चढ़ाते समय एक्सकेवेटर मशीन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में जम्मू-कश्मीर निवासी ऑपरेटर नरेश कुमार (23) ने छलांग लगा दी और भारी-भरकम बकेट में फंस गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने क्रेन की मदद से मशीन को हटाकर युवक को बाहर निकाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल कोटली पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।हादसा देव कासला मंदिर के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि निर्माण कंपनी की एक्सकेवेटर मशीन को ट्राले में चढ़ाया जा रहा था।

मशीन जैसे ही ट्राले में चढ़ने लगी, वह अनियंत्रित होकर पीछे की ओर सड़क पर पलट गई। इसी दौरान नरेश ने बचने के लिए मशीन से छलांग लगाई, लेकिन वह मशीन के पलटने की दिशा में ही जा गिरा और उसके भारी हिस्से की चपेट में आ गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत क्रेन बुलवाई।

زر الذهاب إلى الأعلى