बाढ़ का पानी उतरा लेकिन पटना से कटा गावों का संपर्क, 50 फीट बही सड़क की मरम्मत की उठी मांग
Published : September 14, 2026 at 5:29 PM IST पटना : बिहार की पुनपुन नदी में आई बाढ़ का पानी गांवों से निकल चुका है, लेकिन ग्रामीणों की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं. बाढ़ के तेज बहाव में पुनपुन प्रखंड के लखनपार पंचायत की मुख्य सड़क करीब 50 फीट तक टूटकर बह गई थी.
पानी उतरने के बाद भी क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी है. इसके कारण कई गांवों का आवागमन अब भी बाधित है और ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, लखनपार पंचायत को पुनपुन प्रखंड से जोड़ने वाली यह सड़क इलाके की मुख्य लाइफलाइन है.
सड़क के करीब 50 फीट हिस्से के टूट जाने से सिसवाचक, जोगापुर, घुड़दौड़, फहीमचक, हरेचक और सबलपुर समेत करीब आधा दर्जन गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है. क्षतिग्रस्त हिस्से में अभी भी छाती भर पानी जमा है, जिससे लोगों के लिए पैदल निकलना भी मुश्किल है.
बाइक तो दूर, साइकिल से भी इस रास्ते को पार करना संभव नहीं हो पा रहा है.

