नाव पर तीज की खुशियां लेकर पहुंचे शेख मसौवर, बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाके से अनोखी तस्वीर

Published : September 14, 2026 at 8:07 AM IST कटिहार: चारों तरफ बाढ़ का पानी..सारे रास्ते डूब चुके हैं. घरों के दरवाजे तक बाढ़ का पानी पहुंच चुका है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी बेहद मुश्किल हो गई है. किसी को भोजन की चिंता है तो किसी को अपने पशुओं के चारे की फिक्र है.
लेकिन इस भयानक तबाही के बीच भी आस्था ने अपना एक नया रास्ता तलाश लिया है. बाढ़ के पानी के बीच एक नाव चली और अपने साथ तीज की खुशियां लेकर सीधे लोगों के घरों तक पहुंची. यह तस्वीर कटिहार के सबसे ज्यादा प्रभावित अमदाबाद प्रखंड की दुर्गापुर पंचायत की है.
यहां के सुदूर भवानीपुर खट्टी गांव में तीज का व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए सामाजिक कार्यकर्ता शेख मसौवर खुद नाव लेकर पहुंचे. उन्होंने अपने निजी स्तर पर गांव की महिलाओं के लिए साड़ी, फल और तीज पूजा से जुड़ी जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई.
यह मदद उस वक्त पहुंची है, जब बाढ़ ने गांव तक पहुंचने वाली लगभग हर राह को अपने आगोश में ले लिया है.