झांसी के सुकुवा-ढुकुवा डैम में तीन युवकों की डूबने से मौत, पास मिली बाइक

झांसी के सुकुवा-ढुकुवा डैम में तीन युवकों की डूबने से मौत। डैम पर तैनात जेई ने सुबह तीनों के शव देखे, पुलिस को सूचना दी। मृतकों की गुमशुदगी संबंधित थानों में पहले ही दर्ज थी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित सुकुवा-ढुकुवा डैम में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई।
मंगलवार सुबह डैम पर तैनात जेई की नजर तीनों के शवों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों की पहचान सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के पेंच मोहल्ला निवासी राज, नगरा निवासी रीतेश परिहार और नीरज के रूप में बताई गई है। बताया गया है कि तीनों युवकों की गुमशुदगी संबंधित थानों में दर्ज थी। एक साथ तीन शव मिलने की सूचना से मौके पर खलबली मच गई।
बबीना प्रभारी निरीक्षक राहुल राठौर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।



