बाढ़ की स्थिति पर प्रशासन की सतत निगरानी,स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर, National Hindi News

वैशाली जिले में गंगा एवं गंडक नदी के जलस्तर में हो रही कमी के मद्देनजर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ जलजनित एवं मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यक राहत एवं स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिले में वर्तमान में 06 प्रखंड, 32 पंचायत, 02 नगर परिषद क्षेत्र, 92 गांव एवं 12 नगर परिषद वार्ड बाढ़ से प्रभावित हैं तथा कुल 2,98,800 आबादी प्रभावित है।
जलस्तर में कमी के साथ जलजमाव वाले क्षेत्रों में स्वच्छता एवं संक्रमण की रोकथाम हेतु ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव तथा शुद्ध पेयजल की उपलब्धता के लिए हैलोजन टैबलेट के वितरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

