उत्तर प्रदेश में 500 करोड़ रुपये के निवेश धोखाधड़ी मामले में दो भाई गिरफ्तार
बदायूं, आठ सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और बदायूं पुलिस की संयुक्त टीम ने 35,000 से अधिक निवेशकों के साथ 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी किए जाने के मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ‘अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड’ के निदेशक शशिकांत मौर्य और सूर्यकांत मौर्य के रूप में हुई है, जो डेढ़ साल से फरार थे। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
अधिकारियों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा इकाई और बदायूं कोतवाली पुलिस ने शशिकांत और सूर्यकांत को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ बदायूं कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी के लिए जालसाजी, जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल, जानबूझकर अपमान और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।



