बिहार में बाढ़ के बीच पटना में 5 लोगों की मौत, 13 जिलों के 79 प्रखंड डूबे

बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग ने आज (08 सितंबर) ताजा आंकड़े जारी किए हैं. राज्य के 13 जिलों के 79 प्रखंडों की 480 ग्राम पंचायतों में करीब 34.31 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. वहीं पटना जिले में 5 लोगोंं की मौत हुई है.
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर 36.80 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले हाईएस्ट फ्लड लेवल (HFL) से 0.05 मीटर ऊपर है. गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक, गंगा, पुनपुन, बागमती और घाघरा समेत कई नदियां अलग-अलग स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.
हालांकि सुल्तानगंज में जलस्तर स्थिर है. बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए विभिन्न जिलों में 432 सामुदायिक रसोई चलाई जा रही हैं. अब तक करीब 9.41 लाख लोगों को भोजन कराया गया है. वहीं 14 राहत शिविरों में 12,294 लोगों के लिए रहने, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है.
करीब 1.29 लाख पॉलीथीन शीट और 22,900 ड्राई राशन पैकेट बांटे गए हैं.


