हिन्दी
UP Flood: यूपी में बाढ़-बारिश का कहर, बहराइच में घाघरा उफान पर; बरेली में डूबे ट्रैक

UP Flood: नेपाल के पहाड़ों से आ रहे पानी, बैराजों से छोड़े गए पानी और लगातार बारिश के कारण उत्तर प्रदेश के बहराइच और बरेली जिलों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है।
घाघरा नदी के उफान से बहराइच में दो तहसीलों के एक दर्जन से अधिक मजरों में पानी भर गया है, जबकि बरेली में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और रेलवे पटरियां पानी में डूब गईं।
बहराइच जिला प्रशासन के अनुसार, शारदा बैराज, घूर देवी और एल्गिन ब्रिज पर घाघरा (सरयू) नदी खतरे के लाल निशान से ऊपर बह रही है।
नदी में छोड़े गए तीन लाख 78 हजार 800 क्यूसेक पानी के कारण सोमवार सुबह एल्गिन ब्रिज पर घाघरा का जलस्तर खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर, घूर देवी पर 30 सेंटीमीटर और शारदा बैराज पर 11 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया।

