समुद्र में उतारे परमाणु मिसाइल वाले डिस्ट्रॉयर, अमेरिका-साउथ कोरिया को किम की वार्निंग

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने नौसेना में अपने दूसरे डिस्ट्रॉयर को शामिल किया है. सरकारी मीडिया ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. 5 हजार टन के इस युद्धपोत का नाम 'कांग गॉन' है और इसे रविवार को पूर्वी बंदरगाह शहर वॉनसान में एक समारोह के दौरान नौसेना में शामिल किया गया.
इस मौके पर किम जोंग उन के साथ उनकी किशोर बेटी भी मौजूद थी, जिसे दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी उनका संभावित उत्तराधिकारी मानती है. किम ने इस मौके पर ज्यादा भरोसेमंद परमाणु प्रतिरोधक क्षमता तैयार करने की जरूरत बताई.
उन्होंने कहा कि लगातार दो डिस्ट्रॉयर को नौसेना में शामिल किए जाने से दुश्मनों की चिंता बढ़ेगी. किम के मुताबिक, नौसेना का परमाणु हथियारों से लैस होना परमाणु प्रतिरोधक क्षमता के ज्यादा व्यावहारिक और अलग-अलग तरीकों से इस्तेमाल की संभावना पैदा करता है.
'चोए ह्योन' डिस्ट्रॉयर को जून में शामिल किया गया उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया की तस्वीरों में किम की बेटी उनके साथ लाल कालीन पर चलती, युद्धपोत का दौरा करती और नौसैनिकों के साथ तस्वीर खिंचवाती नजर आई.

