छपरा के निचले इलाकों में बाढ़ का तांडव, कई मोहल्लों के घरों में घुसा पानी; नाव से सामान निकाल रहे लोग

छपरा के निचले इलाकों में बाढ़ का गंभीर संकट। सारण तटबंध टूटने और गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा। घरों में पानी घुसने से लोग सुरक्षित स्थानों पर। कहीं घरों में घुटनों तक पानी, तो कहीं गृहस्थी समेटकर सुरक्षित ठिकाने की तलाश।
छपरा शहर के निचले इलाकों में गुरुवार की सुबह लोगों की आंख खुली तो घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका था। सारण तटबंध टूटने और गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से शहर के निचले इलाकों में बाढ़ का संकट गहरा गया है।
नेवाजी टोला धर्मशाला, नई बस्ती, सीढ़ी घाट, रूपगंज और रावल टोला समेत कई मोहल्लों में पानी फैल गया है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। घरों में पानी घुसने से अनाज, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुओं के बर्बाद होने का खतरा है।
बाढ़ का पानी जमुना महतो, अशोक कुमार, अरुण कुमार, मिथिलेश कुमार, भोला महतो, जयनाथ महतो, धर्मनाथ महतो और महेंद्र महतो समेत कई लोगों के घरों में घुस गया है।

