गुजरात में भीषण हादसा : बस और ट्रक की टक्कर में 7 लोगों की मौत, छह घायल, पीएम ने जताया दुख

आनंद (गुजरात): गुजरात के आणंद जिले में बुधवार सुबह अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर एक राजस्थान जा रही बस और ट्रक की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई. वहीं हादसे में छह अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस से नडियाद सिविल अस्पताल ले जाया गया.
हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है.पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, गुजरात के आणंद में हुए हादसे में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ. दुखी परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं. मैं सभी घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं.
हादसे में बस की एक तरफ से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे हादसे के भीषण होने का अंदाजा लगाया जा सकता है. हादसा अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर आणंद जिले के बोरियावी गांव के पास हुआ. बस राजस्थान जा रही थी. घटना के समय ज़्यादातर यात्री गहरी नींद में थे.
सुबह तड़के 3 बजे हुए इस भीषण हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और एक्सप्रेसवे एम्बुलेंस यूनिट की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं.


